हाफिजगंज। राइस मिल में साझेदार बनाने का झांसा देकर शाहजहांपुर निवासी वृद्ध से 4.82 लाख रुपये ठग लिए गए। एसएसपी के आदेश पर छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शाहजहांपुर के मोहल्ला रामनगर कॉलोनी निवासी वृद्ध जोगराज बत्रा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि एक साल पहले बरेली के थाना किला निवासी मो. रजा उससे मिला था। आरोपी ने बताया कि राजश्री कॉलोनी निवासी उसका साथी मौलाना इरशाद हाफिजगंज के लभेड़ा में राइस मिल लगा रहा है। इसके लिए तीन करोड़ का ऋण लेना है।
उसने राइस मिल में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की बात कही। झांसा देकर तीन लाख रुपये ले लिए। लभेड़ा ले जाकर आरोपियों ने जगह भी दिखाई। एक एग्रीमेंट भी बनाया। उसे विश्वास में लेने के लिए 10 लाख रुपये के चार ब्लैंक चेक दिए। कई और काम के लिए जरूरत बताकर वह बाद में भी रुपये लेते। इस तरह से एक साल में करीब 4.82 लाख रुपये वसूल लिए।
एक साल तक जब राइस मिल नहीं लग पाई तो उसने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। रुपये लौटाने से भी इन्कार कर दिया। थाना हाफिजगंज में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित एसएसपी बरेली से मिला। एसएसपी के आदेश पर मोहम्मद रजा, मौलाना इरशाद, लोन एजेंट सुनील गुप्ता, मनप्रीत कौर, ताहिर खान सहित छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।