बरेली। छात्रा के प्रश्नपत्र में गड़बड़ी का मामला अमर उजाला द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने उसका समाधान कर दिया। बावजूद इसके दूरदराज के तमाम छात्र विवि की लापरवाही का खामियाजा भुगतते हुए अब भी अफसरों के चक्कर काट रहे हैं।
राजकीय महिला पीजी महाविद्यालय, रामपुर की छात्रा के पास बीए प्रथम वर्ष में हिंदी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, गृह विज्ञान और उर्दू विषय थे। यही परीक्षा फार्म में भरे गए, लेकिन जब प्रवेशपत्र डाउनलोड किया तो हिंदी साहित्य विषय इसमें से गायब था। इस गड़बड़ी पर छात्रनेता इमरान अंसारी ने कुलपति और परीक्षा नियंत्रक से शिकायत की थी। अमर उजाला ने भी विवि की लापरवाही के इस मामले को प्रमुखता से उठाया तो छात्रा का प्रवेशपत्र ठीक हो गया। मगर ऐसी ही गड़बड़ी के शिकार तमाम छात्र अब भी भटक रहे हैं। छात्रनेता का कहना है कि विवि की लापरवाही का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है लेकिन जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।