बरेली। जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर कलक्ट्रेट परिसर में सभागार के निकट चुनाव कंट्रोल रूम खोल दिया गया। वोट पड़ने तक कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला रहेगा। जीएम उद्योग अनुज कुमार को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। प्रभारी के साथ तीन सहायक अधिकारी भी काम करेंगे। कंट्रोल रूम में चुनाव संबंधी कोई भी शिकायत 0581-2427011 नंबर पर की जा सकती है।
जिला सूचना विज्ञान केंद्र दफ्तर के निकट सिविल डिफेंस कार्यालय में चुनावी कंट्रोल रूम खोला गया है। आचार संहिता के उल्लंघन करने पर कोई भी आम नागरिक चुनाव आयोग के टोल फ्रीन नंबर 1950 के अलावा कंट्रोल रूम के नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। कंट्रोल रूम में पहले दिन हालांकि कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। कंट्रोल रूम प्रभारी अनुज कुमार के अलावा सहायक प्रभारी खादी ग्रामोद्योग अधिकारी प्रदीप कुमार और हैंडलूम के सुपरवाइजर एसके शर्मा भी चुनाव संबंधी शिकायतें दर्ज करेंगे। कंट्रोल रूम पर एक रजिस्टर भी रखा गया है। इसमें फोन पर आने वाली शिकायतें दर्ज की जाएंगी। उसके बाद उन शिकायतों को संबंधित विभागों को स्थानांतरित किया जाएगा।