लखीमपुर खीरी। डीएम बंगला रोड पर मोहल्ला काशीनगर में मछली कोठी के पीछे स्थित खनन इंस्पेक्टर अजीत कुमार पांडेय के किराए के आवास पर शुक्रवार की रात करीब 11 बजे असलहों से लैस 10-15 लोगों ने धावा बोल दिया। हमलावरों को शक था कि कमरे में खनन इंस्पेक्टर हैं और बाहर से ताला लगा है। यही वजह थी कि वह एलानियां धमकी देते हुए दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगे। इससे लोहे का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की। इससे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
खनन निरीक्षक अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि वह जिले में अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में बलरामपुर से तबादले पर आए थे। शहर के मोहल्ला काशीनगर स्थित रजिस्ट्रार कानूनगो अवधेश सिंह के मकान में किराए पर रह रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने भ्रमण के दौरान थाना निघासन क्षेत्र में दो और सदर कोतवाली के महेवागंज पुलिस चौकी क्षेत्र में एक बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली सीज कर पुलिस को सौंप दिया था। इन ट्रॉलियों में तीन घन मीटर के स्थान पर 10 घन मीटर बालू भरी हुई थी। तीनों ट्रैक्टर ट्रॉलियों के सीज होने से माफिया नाराज हो गए। शाम को वह जरूरी काम से बाहर चले गए। इसी बीच रात करीब नौ बजे तीन-चार लग्जरी गाड़ियों से सवार होकर 10-10 लोग उनके आवास पर पहुंचे और कुंडी बजाई। उस दौरान मकान मालिक की रिश्तेदार एक लड़की घर पर अकेली थी। सभी के हाथ में असलहे थे। उसने आरोपियों को बताया कि खनन निरीक्षक घर पर नहीं हैं। इस पर माफिया वापस लौट गए। रात करीब 11 बजे फिर यह लोग असलहों से लैस होकर आवास पर पहुंचे और गालीगलौज करते हुए दरवाजों को तोड़ने की कोशिश की। असलहों से कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग से मोहल्ले में दहशत हो गई। सूचना पर राजापुर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक माफिया मौके से खिसक गए। सदर कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की न तो जानकारी है और न ही ऐसी कोई तहरीर आई है।
खनन निरीक्षक के आने के बाद होगी कार्रवाई: डीएम
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि खनन निरीक्षक सरकारी काम से जिले से बाहर हैं। उन्होंने सेलफोन पर घटना की जानकारी दी है। खनन निरीक्षक के आने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जा सकती। दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
एसपी बोलीं, नहीं है कोई जानकारी
एसपी पूनम का कहना है कि काशीनगर में किसी तरह के हमले अथवा फायरिंग की जानकारी नहीं है। मामले में कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।