बरेली। प्रदेश में संविधान का 74वां संशोधन लागू करने को लेकर एक मंच पर आए सभी दलों के पार्षदों ने इसे लागू करने की मांग की। नगर निगम के पार्षद कक्ष में प्रेसवार्ता कर पार्षदों ने बताया कि रविवार को वे लोग लखनऊ जाएंगे और सोमवार को इस संबंध में राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना और भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल से मुलाकात करेंगे।
सपा पार्षद दल के नेता राजेश अग्रवाल ने बताया कि यूपी और बिहार को छोड़कर सभी प्रदेशों में 74वां संशोधन लागू कर दिया गया है। मगर 23 साल बीतने के बाद भी यूपी की बारी नहीं आई। उप नेता छंगामल मौर्य ने कहा कि निकाय चुनाव में यह भाजपा के एजेंडे था, इसलिए अब इसे लागू कराया जाएगा। इसके लिए सोमवार को प्रदेश भर से पार्षद लखनऊ में भाजपा कार्यालय पर जुटेंगे। उपसभापति अतुल कपूर ने कहा कि इस मुद्दे पर सभी दलों के पार्षद एक हैं। पार्षद सतीश कातिब मम्मा ने कहा कि पार्षद 100-100 रुपये के कामों के लिए भटकते हैं इसलिए पार्षद निधि एवं मानदेय भी होना चाहिए। इससे पहले नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार को ज्ञापन भी दिया गया। प्रेसवार्ता में अब्दुल कय्यूम मुन्ना, आरेंद्र अरोड़ा, शमीम अहमद, चित्रा मिश्रा, गौरव सक्सेना, रईस मियां अब्बासी, मुकेश मेहरोत्रा, अकील गुड्डू आदि मौजूद रहे। बता दें कि 74वां संशोधन लागू होने के बाद विकास प्राधिकरण, आवास विकास, जिला अस्पताल, फायर ब्रिगेड, वन विभाग, ट्रैफिक, परिवहन आदि 18 विभाग नगर निगम के अधीन काम करेंगे।