बरेली। बाकरगंज डलावघर का कूड़ा निस्तारण के लिए लगा मिनी प्लांट दूसरे दिन शुरू होते ही जाम हो गया। मौजूद तकनीशियन आजमाइश में लगे रहे उसी दौरान मोटर बेल्ट टूट गई। कोई हादसा न हो इसलिए एक कर्मचारी ने बिजली सप्लाई बंद कर प्लांट का संचालन रोक दिया, जिसके बाद मशीन को ठीक किए जाने की कार्रवाई शुरू हुई। देर शाम तक प्लांट का संचालन नहीं हो सका। यह हाल तब है जब प्लांट संचालन की जिम्मेदारी नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव स्वयं संभाल रहे हैं।
मिनी प्लांट क ा ट्रायल दूसरे दिन भी फेल होने से प्लांट पर सवालिया निशान लगने शुरू हो गए हैं। 24 घंटे में अब तक कंपनी 20 टन कूड़े का निस्तारण भी नहीं कर सकी है। बाकरगंज डलावघर पर कूड़ा निस्तारण के लिए हैदराबाद की अमेजो वेस्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशन कंपनी ने प्लांट लगाया है। जो कूड़ा निस्तारण के चल रहे ट्रायल में दूसरे दिन भी फ्लॉप रहा। बताते हैं कि मंगलवार को जब प्लांट चलाया गया तो पहले कूड़ा अटकता रहा। कंपोस्ट बनता उससे पहले ही मशीन में कूड़ा जाम होने से बेल्ट टूट गई। बिजली सप्लाई बंद कर प्लांट को रोका गया। प्रोजेक्ट डायरेक्टर परमवीर सिंह ने प्लांट में आ रही खामियों को जल्द ठीक कराने की बात कही है। बताया कि एक बार मशीन स्पीड पकड़ ले तो 24 घंटे तक कूड़ा निस्तारण हो सकेगा, लेकिन नगर निगम ने 60 मीट्रिक टन प्रतिदिन कूड़ा देने को कहा था, जो नहीं मिला है। बता दें कि 30 नवंबर को नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना प्लांट का उद्घाटन करेंगे, जिसकी तैयारियों में नगर निगम फिलहाल जोर-शोर से जुटा है।