अशोभनीय व्यवहार के विरोध में
कर्मचारियों ने सीएमएस को घेरा
- डेढ़ घंटे बाधित रहा काम आश्वासन के बाद हुई शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
अनेक समस्याओं और कर्मचारियों से अशोभनीय व्यवहार को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ ने जिला अस्पताल के सीएमएस का घेराव किया। करीब डेढ़ घंटे तक एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलॉजी, मेडिको लीगल आदि काम बाधित रहे। सीएमएस के आश्वासन देने के बाद कर्मचारियों ने काम शुरू किया।
दो दिन पहले सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता ने 12 बजे एक कर्मचारी श्याम लाल को खाना खाते समय उठा दिया था। इसको लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में आक्रोेश था। मंगलवार को सुबह आठ बजे से पहले ही कर्मचारी सीएमएस आफिस के सामने जुटने शुरू हो गए। थोड़ी देर बाद नारेबाजी होने लगी। करीब आठ बजे सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता अस्पताल पहुंचे और सीधे अपने चेंबर में चले गए। यह देखकर कर्मचारी भड़क गए। वह उनके चेंबर में घुस गए। संघ के मंडलीय सचिव महेंद्र यादव, जिला सचिव राधेश्याम गुप्ता, रामलखन, मोहित पाठक, रामलखन सिंह, बिशन आदि का कहना था कि कर्मचारियों में आपके व्यवहार के प्रति रोष है।
श्याम लाल को खाना खाने दिया जाना चाहिए था। इस पर सीएमएस डॉ. गुप्ता ने कहा कि वर्किंग टाइम में खाना खाने से मरीजों को परेशानी होती हैं, यह बर्दाश्त नहीं होगा। विनय कुमार ने सर्विस बुक गायब होने का मामला उठाया। राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि अगर संघ के पदाधिकारी न हों तो कर्मचारी रोजाना ही डॉक्टर्स से दुर्व्यवहार करें। कर्मचारियों के घेराव के चलते करीब डेढ़ घंटे एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड आदि रूम में लाइन लगाए खड़े रहे। डॉ. केएस गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों की कुछ मांगें हैं जिन्हें पूरा करा दिया जाएगा।