मैलानी (खीरी)। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे कस्बे से दो किलोमीटर दूर भीरा मार्ग पर ट्रक और बोलेरों में भिड़ंत हो गई, जिससे बोलेरो सवार सात लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी वाहन से भीरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना भीरा के गांव लालूटांडा निवासी 50 वर्षीय बचान सिंह की बेटी का तिलक चढ़ाने परिवार के लोग बोलेरो से रविवार की सुबह पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव रुद्रपुर गए थे। बोलेरो थाना भीरा के गांव चूराटांडा निवासी 30 वर्षीय चालक विनोद चला रहा था। बोलेरो में 50 वर्षीय बचान सिंह, थाना भीरा के गांव बिरिहाटांडा निवासी 55 वर्षीय रूप सिंह, सिसैयाटांडा निवासी 40 वर्षीय अनूप सिंह, गांव मनहरिया निवासी 38 वर्षीय मोमराज, लालूटांडा निवासी 45 वर्षीय सुल्तान सिंह और थाना पलिया के गांव मझगईं निवासी 43 वर्षीय आशीष मिश्रा सवार थे। तिलक चढ़ाकर लौटते समय घना कोहरा छाया था।
थाना मैलानी से भीरा की ओर जा रही बोलेरो रेलवे क्रासिंग के पास ईंट भट्ठे से खाली आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के साथ ही ट्रक में जा घुसी। चालक विनोद की स्टेयरिंग में ही फंसकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष मिश्रा, रूपसिंह और बचान सिंह की भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसओ महेंद्र सिंह ने मोमराज, सुल्तान सिंह और अनूप सिंह को इलाज के लिए निजी वाहन से भीरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।