बरेली। मार्च से जून के बीच जैसे-जैसे गर्मी बढ़ी, ट्रांसफार्मर जवाब देने लगे। इस दौरान जिले में कुल चार सौ ट्रांसफार्मर फुंके। नतीजा, विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। इससे निपटने के लिए विद्युत निगम ने कई स्थानों पर मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति शुरू करा दी, लेकिन वहां स्थायी ट्रांसफार्मर लगवाना भूल गए। अब निगम के दस अस्थायी ट्रांसफार्मरों में से कोई खाली नहीं है। ट्रांसफार्मर फुंकने पर लोगों को लंबी कटौती झेलनी पड़ रही है।
सुभाषनगर के शांति विहार इलाके में बदायूं रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर दो माह से मोबाइल ट्रांसफार्मर लगा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मई की शुरुआत में ट्रांसफार्मर फुंक गया था। शिकायतों के बाद विद्युत निगम ने मोबाइल ट्रांसफार्मर तो लगा दिया, लेकिन स्थायी व्यवस्था आज तक नहीं की।
श्यामगंज से विकास भवन की ओर जाने वाले व्यस्ततम मार्ग के किनारे दो माह से मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति की जा रही है। संकरे मार्ग पर मोबाइल ट्रांसफार्मर लगा होने से यहां कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। विद्युत निगम की ये लापरवाही कभी भी हादसे का सबब बन सकती है।
सुभाषनगर में घंटों अघोषित कटौती होने पर लोगों ने उपकेंद्र का घेराव किया था। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद मई के अंत में वहां मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन स्थायी इंतजाम अब तक नहीं किया गया। मोबाइल ट्रांसफार्मर के सहारे ही इलाके में आपूर्ति दी जा रही है।
मोबाइल ट्रांसफार्मर का उद्देश्य केवल आपातकालीन स्थिति में कुछ घंटों या अधिकतम एक-दो दिन तक बिजली आपूर्ति बनाए रखना होता है, लेकिन शहर के कई इलाकों में इन्हीं के सहारे काफी समय से आपूर्ति दी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थायी ट्रांसफार्मर नहीं लगाए गए हैं। कई स्थानों पर इन्हें सड़क किनारे खुले में रखा गया है, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बने हुए हैं।
महानगर उपकेंद्र के उत्सव पार्ट-2 में मंगलवार को ट्रांसफार्मर खराब होने से इलाके के 10 हजार लोगों को 23 घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी। अस्थायी ट्रांसफार्मर खाली नहीं थे। सीबीगंज कार्यशाला से नया ट्रांसफार्मर लाकर बुधवार दोपहर एक बजे आपूर्ति चालू की सकी।
भीषण गर्मी के दौरान लोड बढ़ने पर बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर फुंके हैं। उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिल सके, इसके लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। जिन स्थानों पर ये अस्थायी व्यवस्था की गई है, वहां स्थायी ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। - धर्मेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता (शहरी)