सत्तर शवों में से 28 का हुआ कोविड नियमों से अंतिम संस्कार, आठ संक्रमितों की कोविड अस्पतालों में मौत
फिर भी 24 घंटों में नए संक्रमितों की संख्या सिर्फ 530
बरेली। कोरोना संक्रमितों की तादाद कम होने के बाद भी मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर के तीन श्मशान घाटों पर कुल 70 शव अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे जिनमें से 28 यानी 40 फीसदी कोरोना संक्रमितों के थे। इसके अलावा आठ लोगों की मौत कोविड अस्पतालों में हुई। हालांकि नए संक्रमितों के आंकड़े में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं हुआ। शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर जिले में 530 ही नए संक्रमित मिलने की रिपोर्ट जारी हुई है। इनमें सर्वाधिक शहर के सिविल लाइंस, मीरगंज और मकराना में मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली हाईवे, भोजीपुरा और पीलीभीत बाईपास स्थित एल-3 कोविड अस्पताल समेत एल-2 कोविड अस्पतालों में आठ संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें चार महिलाएं और चार ही पुरुष शामिल हैं। बरेली के रहने वाले मेरठ मंडल के डाक प्रवर अधीक्षक, भरताना भमौरा के रहने वाले फायर ब्रिगेड के रिटायर्ड इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सभी की मौत अचानक ऑक्सीजन का स्तर गिरने से हुई। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक नए मिले 530 संक्रमितों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग चल रही है।
उधर, शुक्रवार को शहर की तीनों श्मशान भूमि पर 70 शवों की अंत्येष्टि हुई। इनमें से 28 शवों का कोविड नियमों से अंतिम संस्कार किया गया। सिटी श्मशान भूमि पर 32 शव पहुंचे जिनमें 18 कोरोना संक्रमितों के थे। संजयनगर श्मशान घाट पर में 30 में से 13 और गुलाबबाड़ी श्मशान भूमि पर आठ में से चार शवों का कोविड नियमों से अंतिम संस्कार किया गया।
86 फीसदी बुजुर्ग प्रतिरक्षित
कोविड वैक्सीनेशन के चल रहे अभियान में शुक्रवार को 86.9 फीसदी 45 आयुवर्ग से अधिक के व्यक्ति और 83.4 फीसदी 18 से 44 आयुवर्ग के लोग प्रतिरक्षित हुए हैं। डीआईओ डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि 10 मई से 45 आयुवर्ग से अधिक उम्र के लोगों को भी बगैर रजिस्ट्रेशन कराए केंद्र पर पहुंचने पर टीका नहीं लगाया जाएगा। इसलिए वह कोविन एप या आरोग्य सेतु एप के जरिए पंजीकरण कराएं। स्लॉट के तहत ही टीकाकरण के लिए केंद्र पर पहुंचे।