मीरगंज क्षेत्र के गांव सिंगरा में रविवार को एक खेत में आग लगने से 40 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण पता नहीं चला है। उपजिलाधिकारी ने पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने की बात कही है।
बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिंगरा में रविवार को आग लगने से हाहाकार मच गया। खेत में आग लगने से चालीस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। फसल की बर्बादी देख किसान के आंसू छलक आए। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिंगरा में किसान शानू पुत्र मुन्ने के गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने गांव में सूचना दी। बड़ी संख्या में लोग आग बुझाने पहुंचे लेकिन आग विकराल होती गई। इसके बाद लोगों ने फायर स्टेशन पर सूचना दी गई।
फायर स्टेशन प्रभारी राजवीर सिंह टीम के साथ खेत पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक चालीस बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। लगभग दस बीघा गेहूं बचा सके। लोगों ने बताया शानू पुत्र मुन्ने का खेत चुन्नी लाल पुत्र लोकीराम निवासी दुबाट थाना मिलक रामपुर ने ठेके पर लेकर गेहूं की फसल बोई थी। किसान का दो लाख रुपए से अधिक का नुक़सान हुआ है।
उपजिलाधिकारी मीरगंज तृप्ति गुप्ता ने बताया कि राजस्व टीम को भेजकर आग लगने का कारण और नुकसान का आकलन कराया जाएगा। जांच के बाद पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।