बरेली। कोतवाली इलाके में स्थित होटल डिप्लोमेट के कैश काउंटर से सप्ताह भर पहले चार लाख रुपये चोरी हो गए। होटल प्रबंधन ने पहले खुद मामले की जांच की। रुपये नहीं मिले तो शनिवार को कोतवाली में तहरीर दी। अब पुलिस जांच कर रही है। मामले में होटल का ही एक कर्मी संदेह के दायरे में है। मठ चौकी प्रभारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
होटल के महाप्रबंधक आकिब खान ने कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि 23 जनवरी को होटल के अकाउंट विभाग के लॉकर में साढ़े चार लाख रुपये रखे थे। 25 जनवरी की शाम को लॉकर खोला गया तो केवल 50 हजार रुपये ही वहां मिले। इसकी जानकारी होटल के अकाउंटेंट ने उन्हें दी। होटल के निदेशक के जरिये पुलिस को उसी रात सूचना दे दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। इसे लेकर होटल महाप्रबंधक की ओर से एसपी सिटी को भी पत्र दिया गया है।
रविवार शाम कोतवाली पुलिस हरकत में आई। घटनास्थल बिहारीपुर चौकी का इलाका है, लेकिन अधिकारियों ने मठ चौकी प्रभारी विक्रांत तोमर को मौके पर भेजकर जांच कराई। एसआई विक्रांत ने होटल के सीसी कैमरे चेक किए। होटल के स्टाफ से पूछताछ की। संदेह के आधार पर होटल के एक कर्मी को चौकी बुला कर पूछताछ कर रहे हैं।
कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि होटल के अंदर अकाउंट विभाग से नकदी गायब हुई है। जिस तरह कुछ देर के लिए सीसी कैमरा बंद होता है और प्रबंधन के एक कर्मी की होटल में आवाजाही होती है, उससे पहला शक उसी पर जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। स्थिति साफ होने पर अधिकारियों के आदेश के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।