जिले के 80 स्वास्थ्य केंद्राें पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में 37 सौ मरीजों का इलाज हुआ। इनमें से ज्यादातर बुखार, उल्टी-दस्त, पेट दर्द से पीड़ित रहे। इन्हें दवा समेत बचाव का सुझाव दिया है। िमिल रही शिकायतों के मद्देनजर अफसरों ने औचक निरीक्षण कर स्टाफ की उपस्थिति, दवा और जांच की जानकारी ली। मरीजों की आभा आईडी बनाने के लिए कहा। कुछ चिकित्सकों के पास दो केंद्रों का प्रभार होने से एक केंद्र पर फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स ने मरीजों को देखा।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन ने सीबीगंज यूपीएचसी, नदौसी का निरीक्षण किया। उन्होंने पोर्टल पर रियल टाइम आंकड़े अपडेट करने, मरीजों की आभा आईडी बनाने के लिए कहा। केंद्र पर गर्भवती महिलाएं एएनसी जांच कराने और कुत्ते-बंदर के काटने से जख्मी लोग एआरवी लगवाने पहुंचे थे। डॉ. इंतजार ने क्षय रोग उन्मूलन अभियान की जानकारी दी। सीबीगंज केंद्र की ओर से किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण को लेकर चल रही मुहिम को सराहा।
ज्यादातर खुजली, दाद और डायरिया के रहे मरीज
इलाज के लिए पहुंचे 37 सौ मरीजों में 831 त्वचा रोगों की चपेट में रहे। 610 उल्टी-दस्त, डायरिया से पीड़ित मिले। 321 बुखार पीड़ित थे। गंभीर मरीजाें को हायर सेंटर रेफर किया गया। नोडल डॉ. पवन कपाही के मुताबिक, टीमों की निरीक्षण रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी गई है। जहां खामियां मिलीं, उन्हें नोटिस देंगे।