हॉटस्पॉट प्रेमनगर में लोगों को जाने से रोकते पुलिस वाले।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
लोग हटा देते हैं बांस-बल्ली, कई जगह हॉटस्पॉट में दुकानें खुलीं
बरेली। शहर में 34 हॉटस्पॉट बनाए जा चुके हैं। इनकी ठीक से निगरानी तक नहीं हो पा रही है। कई जगह पुलिस नहीं है। बस औपचारिकता ही निभाई जा रही है। पुलिस ने बांस-बल्ली लगाकर जिन रास्तों को बंद किया है, उन्हें लोग खेल देते हैं।
जिले में इस समय कुल 48 हॉटस्पॉट हैं, इनमें से 34 शहर में हैं। शहर के लगभग आधे मोहल्लों में हॉटस्पॉट बनाए जा चुके हैं। इनमें भी बारादरी और पुराना शहर में सबसे ज्यादा हॉटस्पॉट हैं। पुलिस के पास अब निगरानी के संसाधन और एरिया सील करने के लिए बांस-बल्ली कम पड़ने लगी हैं। लोग अपनी सहूलियत के हिसाब से बांस-बल्ली हटाकर साइड में रख देते हैं। शहर के राजनगर, शाहबाद, अशरफ खां छावनी और एजाजनगर गौंटिया में हॉटस्पॉट क्षेत्र के अंदर दुकानें खुली रहती हैं। इन पर ग्राहकों की भीड़ लगती है।
रामपुर गार्डन में हॉटस्पॉट खत्म होने से राहत
रामपुर गार्डन में हॉटस्पॉट खत्म होने से लोगों ने राहत ली है। यहां 15 जून को ही चौकी चौराहा चौकी प्रभारी वेदपाल ने अपनी टीम के साथ बांस-बल्लियां हटाकर सील एरिया खोल दिया। हालांकि स्थानीय लोगों को आगाह किया है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें।