भुता। भुता ब्लॉक के गांव गजनेरा में प्राचीन समय के पत्थर मिलने पर रविवार को पुरातत्व टीम ने गांव पहुंच पहुंचकर खुदाई का काम शुरू कर दिया। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति अनिल शुक्ला ने नारियल फोड़कर खुदाई का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ प्राचीन इतिहास-संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के अध्यक्ष विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल भी मौजूद रहे। विधायक ने बताया कि ग्रामीणों से काफी समय से यहां टीले पर प्राचीन समय के पत्थर मिलने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद शनिवार को पुरातत्व विभाग की टीम के साथ गांव आकर निरीक्षण कर सैंपल लिए। मीनार का भी मुआयना किया गया। बताया कि खुदाई का काम करीब एक महीने तक चलेगा। केंद्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद ही काम शुरू कराया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि गांव में कई ऐसे टीले हैं, इनके नीचे से सुरंग दूसरे टीले तक जाती है। हर टीले में जाने के लिए एक छोटा सा रास्ता है, जो दूसरे टीले तक जाता है। टीम में पुरातत्व वैज्ञानिक डॉ. अनूप रंजन मिश्रा, डॉ. कमला राम बिंदु, डॉ. प्रिया शर्मा, डॉ. नवनीत आदि शामिल रहे। ब्यूरो