बरेली। करीब 70 प्रतिशत बैंक कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगने की वजह से सोमवार को बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा, जिसकी वजह से बैंक पहुंचे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। मौजूद अफसरों के मुताबिक 23 को मतदान होगा और 24 को मतदान कर्मियों का अवकाश रहेगा। इसलिए बैंकों में 25 अप्रैल से कामकाज सुचारु होगा।
23 अप्रैल को बरेली लोकसभा सीट के चुनाव में सभी सरकारी बैंक कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। पहले मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण में बैंकों में कामकाज नहीं हुआ था। वहीं, सोमवार को पोलिग पार्टी बूथों के लिए रवाना हुईं। ऐसे में बैंकों के बाहर नोटिस चस्पा था कि कामकाज चुनाव के चलते बाधित है। लोगों को जानकारी नहीं थी तो वह सुबह से ही अपनी/अपनी बैंक की शाखा में पहुंचने लगे थे, लेकिन उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। बैंकों में आधार कार्ड से जुड़े काम भी नहीं हो सके।
एलडीएम ओपी वडेरा ने बताया कि मंगलवार को अवकाश रहेगा। मतदान के बाद देर रात तक ईवीएम जमा होंगी। ऐसे में अगले दिन 24 को मतदान ड्यूटी पर जाने वाले कर्मियों का अवकाश रहेगा। कर्मचारियों की संख्या कम होने से 24 को भी कामकाज प्रभावित रहेगा। 25 अप्रैल से बैंकों में कार्य सुचारू रूप से होगा।
25 को बैंकों में रहेगी भीड़
एसबीआई मुख्य शाखा के मुख्य प्रबधंक एबी सक्सेना ने बताया कि लोगों को कोई दिक्कत न हो इसलिए बाहर नोटिस चस्पा कर 24 अप्रैल तक कार्य प्रभावित रहने की जानकारी दे दी गई है, जिन्हें जानकारी नहीं थी ऐसे कुछ लोग सोमवार को बैंक पहुंचे थे। स्टाफ कम था, लेकिन लोगों की परेशानी देख उनका काम कर दिया गया। उन्होंने 25 अप्रैल को बैंकों में काफी भीड़ होने की संभावना जताई है।
लोगों से बातचीत
पासबुक अपडेट कराने के लिए बैंक आए थे पता चला कि कर्मचारी चुनाव में ड्यूटी पर गए हैं, इसलिए काम नहीं हो सका। अब दो दिन बाद ही बैंक वापस आऊंगा।
- राम प्रकाश शर्मा, ग्राहक
ऑनलाइन रुपये जमा कराए थे, जिसका मेसेज मिला तो पास बुक पर इंट्री कराने के लिए बैंक आया था, लेकिन यहां कोई है ही नहीं सब चुनाव ड्यूटी पर गए हैं।
- चेतन, ग्राहक
पेमेंट लेेने बैंक आया था, लेकिन यहां कोई पूछने वाला ही नहीं है। काफी देर तक खड़ा रहा तो गार्ड ने बैंक खाली होने की वजह बताई। अब 25 को ही पेमेंट निकालूंगा।
- एचए खान, ग्राहक