बरेली। नगर निगम में मूल पदों पर भेजे गए सफाई कर्मचारियों और अफसरों के बीच विवाद जारी है। सामूहिक अवकाश पर गए कर्मचारियों ने शुक्रवार को एसएसपी से शिकायत कर निगम अफसरों द्वारा धमकाने के आरोप लगाए। वहीं, नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. का कहना है कि चुनाव में छुट्टी नहीं चलेगी। काम नहीं करेंगे तो वेतन नहीं मिलेगा।
पिछले दिनों नगर आयुक्त ने ड्राइवर का काम कर रहे 28 सफाई कर्मियों को उनके मूल पद पर भेज दिया। इसके विरोध में सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले गए तो मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ने सख्ती करके काम पर लौटने को कहा। कुछ कर्मचारी काम पर लौट भी आए, लेकिन बाकी कर्मचारियों ने मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पर धमकाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एसएसपी से शिकायत करके उत्पीड़न के आरोप लगाए। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, दूसरी ओर नगर आयुक्त इस मामले को लेकर सख्ती बढ़ाते जा रहे हैं। उनका कहना है कि मूल पद से ऊपर के पद पर काम करने वाले सभी कर्मचारी हटाए जाएंगे। सामूहिक अवकाश को मैंने पहले ही मना कर दिया है, जो कर्मचारी जितने दिन छुट्टी रहेंगे, उन दिनों का वेतन नहीं मिलेगा।