नवाबगंज/ बरेली। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने बरेली से समन ताहिर को लोकसभा प्रत्याशी घोषित किया है। समन ताहिर नवाबगंज नगर पालिका परिषद की चेयरमैन शहला ताहिर की बेटी हैं। पीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने जिन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए, उनमें बरेली से समन ताहिर का नाम है। टिकट मिलने की खबर पाकर शहला ताहिर के समर्थकों में जश्न का माहौल है।
प्रगतिशील सपा में बरेली लोकसभा सीट से समन ताहिर ने आवेदन किया था। नवाबगंज चेयरमैन शहला ताहिर के पीएसपी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव से पहले से ही नजदीकी संबंध रहे हैं। शहला ने अपनी बेटी समन ताहिर को टिकट दिलाने की हाईकमान से पैरवी भी की थी। पीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने समन को लोकसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया। उधर, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से आंवला से अभी प्रत्याशी घोषित करने पर सस्पेंस बरकरार है। आंवला से हाल ही में पीएसपी में शामिल हुए पूर्व आप नेता सुनील यादव ने दावेदारी की है। इनके अलावा एक महिला समेत कुछ अन्य दावेदार भी हैं। मगर, आंवला से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी एक बड़े नेता को मैदान में उतारकर भाजपा और बसपा के समीकरण बिगाड़ सकती है। उन नेता को को चुनाव लड़ाने पर गहन मंथन चल रहा है।