उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने महंगाई समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर शुक्रवार को महाबंद का एलान किया है। संगठन ने इसकी तैयारी कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों भी सौंप दी है। बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारी नेताओं ने बृहस्पतिवार को संपर्क अभियान भी चलाया। इस बीच अन्य प्रमुख व्यापारी संगठनों ने बंद को समर्थन देने से इंकार किया है। उनका कहना है कि व्यापारी खुद तय करें कि उन्हें अपने प्रतिष्ठान बंद रखने हैं या नहीं।
उद्योग प्रतिनिधि मंडल के शहर अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने गुरुवार को विभिन्न बाजारों में भ्रमण कर कारोबारियों ने बंद में सहयोग मांगा। सक्सेना ने व्यापारियों को समझाया कि एकता से ही ताकत बनती है, इसलिए व्यापारी हित में महाबंद सफल बनाएं। सपा नेता, शाहदाना व्यापार मंडल अध्यक्ष जफर बेग ने कहा कि बंद व्यापारी हित में है। इस दौरान अमरजीत बख्शी, कैसर रजा, राजीव ऐरन, राजकुमार, आशु बेग, मोहन गर्ग आदि मौजूद रहे। उधर, अन्य प्रमुख व्यापारी संगठनों ने खुद को बंद के आह्वान से अलग रखने की बात कही है। इन संगठन के नेताओं का कहना है कि वे बंद के समर्थन में नहीं हैं, क्याेंकि इससे व्यापारी ही प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा है कि व्यापारी बंद रखने अथवा इससे अलग रहने का अपने विवेक से फैसला लें।