एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय लगभग सारे परिणाम जारी कर चुका है। अब छात्रों को अपनी मार्कशीट आने का इंतजार है। विवि प्रशासन इसी माह के अंत तक फाइनल ईयर की मार्कशीट जारी करने की तैयारी में है। हालांकि मार्कशीट स्टेशनरी में विवाद के चलते अभी प्रिंटिंग शुरू नहीं की गई है।
परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार का कहना है कि फाइनल की मार्कशीट सबसे पहले जारी की जाएगी। प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बार छात्रों को नए फीचर वाली मार्कशीट नहीं मिल पाएगी। अभी तक लैब का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। पिछले दिनों मार्कशीट प्रिंट के लिए जो स्टेशनरी मंगाई गई थी उसमें काफी खामियां थीं जिसके बाद वो स्टेशनरी रिजेक्ट कर दी गई। अब नई स्टेशनरी का प्रयोग होगा या फिर इसी का, इसी को लेकर मंथन चल रहा है। इसी सप्ताह मार्कशीट की प्रिंटिंग शुरू जाएगी और जून अंत तक मार्कशीट कॉलेजों को भेज दी जाएंगी।
अगले सत्र से आधार नंबर भी होगा मार्कशीट पर
अगले सत्र से तीनों सालों को मिलाकर सिर्फ फाइनल की मार्कशीट जारी होगी। इसमें भी खास बात यह है कि मार्कशीट का डाटा आधार से लिंक किया जाएगा और आधार नंबर मार्कशीट पर भी दर्ज किया जाएगा। मार्कशीट पर छात्र को फोटो भी होगा और सिक्योरिटी के फीचर भी होंगे।