प्रीति फिलिंग स्टेशन के मालिक पिता-पुत्र नामजद, पहले भी कई लोगों को ठगने का आरोप
भुता। क्षेत्र में संचालित प्रीति फिलिंग स्टेशन की बिक्री के नाम पर 30 लाख रुपये ठगने के आरोप में पंप मालिक पिता-पुत्र के खिलाफ ग्राम प्रधान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भुता के ग्राम प्रधान बृजेश गंगवार ने बताया कि कस्बे में प्रीति फिलिंग स्टेशन है। इसकी गाटा संख्या 260 है। इसका संचालन मोहन शर्मा और उनका बेटा गौरव शर्मा करते हैं। इसकी बिक्री के लिए पिता-पुत्र से कुछ समय पहले तीन करोड़ रुपये में सौदा हुआ था। इसके लिए आरोपियों ने एडवांस में 30 लाख रुपये नकद लिए थे। नोटरी भी कराई थी। गौरव शर्मा ने 10-10 लाख के तीन चेक दिए।
आरोप है कि बैनामा कराने को कहा तो आरोपियों ने टालमटोल की। ठगी की आशंका हुई तो चेक से रुपये निकालने गए। वहां पता लगा कि गौरव शर्मा ने वह अकाउंट बंद करवा दिया है। रुपये वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी मिली। जानकारी हुई कि प्रीति फिलिंग स्टेशन के मालिक गौरव शर्मा कस्बे के कई लोगों से पेट्रोल पंप बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। संवाद
तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी। - रविंद्र कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक