बरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने बुधवार को विभिन्न स्थानों से खाद्य पदार्थों के 13 नमूने लिए। सुभाषनगर अजंता स्वीट्स से आलू पेटीज का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। अजंता स्वीट्स प्रतिष्ठान के खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता के संबंध में आईजीआरएस पर शिकायत हुई थी। करगैना में 30 किलो रंगीन कचरी और 208 लीटर सरसों के तेल को जब्त किया गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि टीमों ने करगैना में चौधरी डेयरी एंड कंफैक्शनरी से पनीर, गुज्जर डेयरी एंड स्वीट्स से मावा, साहू ट्रेडर्स से रंगीन कचरी एवं सरसों के तेल का एक-एक नमूना लिया गया है। साहू ट्रेडर्स से 30 किलो रंगीन कचरी और 208 लीटर सरसों के तेल को सीज किया गया है। श्री हरि स्वीट्स गंज त्रिपोलिया आंवला से छेना मिठाई और बर्फी, राज स्वीट्स से बेसन के लड्डू का एक-एक नमूना लिया गया है।
शाहदाना स्थित एनडी इंटरनेशनल से सरसों के तेल एवं रिफाइंड पाॅमोलिन ऑयल का एक-एक नमूना लिया गया है। रामपुर गार्डन स्थित आशुतोष इंटरप्राइजेज से सरसों के तेल, ड्राई फ्रूट गुझिया एवं पनीर (अमूल ब्रांड) का एक-एक नमूना लिया गया है। किला स्थित मीट की दुकान का शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति में निरीक्षण कर सुधार की हिदायत दी।