सेंथल। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में टीजी टू विपिन कुमार के नेतृत्व में कैंप लगाया गया। इसमें उपभोक्ताओं ने एक लाख 80 हजार रुपये का बिल जमा किया।
उपभोक्ताओं को एकमुश्त समाधान योजना के बारे में जानकारी दी गई। कैंप में सुबह से ही विपिन कुमार अपनी टीम के साथ लोगों की समस्याएं सुनने के लिए बैठ गए। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक लगे कैंप में 28 लोगों ने छूट का लाभ लेते हुए एक लाख अस्सी हजार रुपये का बिल जमा किया। विपिन कुमार ने बताया कि उम्मीद के मुताबिक लोग नहीं पहुंचे, जबकि एक दिन पहले ही रिक्शा से कस्बे में प्रचार करवा दिया गया था। उन्होंने कहा कि हाफिजगंज विद्युत उपकेंद्र पर प्रतिदिन कैंप लगाया जा रहा है। वहां जाकर भी लोग योजना का लाभ लेकर बिल जमा कर सकते हैं। इस दौरान मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद ताहिर, जहीर अहमद, सतपाल, गोपालसरन आदि मौजूद रहे। संवाद