बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की पीलीभीत रोड महायोजना पर काम तेजी से चल रहा है। इस टाउनशिप के लिए प्राधिकरण ने अब तक करीब 27 हेक्टेयर जमीन की खरीद प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। कुल 270 हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तृत होने वाली परियोजना को लेकर जल्द ही पूरी जमीन खरीदने का दावा है।
यह टाउनशिप पीलीभीत रोड और दिल्ली-लखनऊ बड़ा बाइपास के बीच स्थित क्षेत्र में विकसित की जा रही है। इसके दायरे में कुल नौ गांव आ रहे हैं। इस योजना के लिए जमीन अधिग्रहण की जगह किसानों से आपसी सहमति के आधार पर सीधे खरीद का रास्ता चुना गया है। इसमें भू-स्वामियों को तय की गई निर्धारित दरों पर मुआवजा राशि का भुगतान किया जा रहा है।
बीडीए की सचिव वंदिता श्रीवास्तव के मुताबिक, इस महायोजना को 13 अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है। परियोजना के तहत कुम्हरा, नवदिया, अडूपुरा जागीर, कलापुर, हरिहरपुर, अहलादपुर, आसपुर खूबचंद्र और मोहरनियां गांवों की जमीन को लिया जाना है। 2,275 किसानों से बीडीए लगातार संपर्क में है और जमीन की रजिस्ट्री कराने का काम जारी है।