दो अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई के सीएमओ ने दिए निर्देश, सील होंगे
बरेली। मैनपुरी के एक रेडियोलॉजिस्ट के नाम से बरेली समेत कई जिलों में अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित होने का खुलासा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को टीम की जांच में बरेली में भी पांच डॉक्टरों के नाम से बरेली समेत अन्य जिलों में 26 अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित होने का पता चला है। बरेली में दो अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पीसीपीएनडीटी के जिला नोडल अधिकारी डॉ. आरएन गिरि की जांच में शुक्रवार को देव अल्ट्रासाउंड और एडवांस अल्ट्रासाउंड सेंटर अवैध तरीके से संचालित होते मिले।इनके दस्तावेजों की जांच में पंजीकरण में खेल होने का पता चलने पर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इसके अलावा पांच डॉक्टरों के नाम से विभिन्न जिलों में 26 अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित होने का पता चला है। डॉ. आर. अहमद के नाम से तीन अल्ट्रासाउंड सेंटर बरेली, तीन बहराइच, दो सेंटर लखनऊ और एक सेंटर गोंडा में चल रहा है। वहीं, डॉ. दिव्यांशु गुप्ता (दिव्या चौधरी), डॉ. मुरारी पांडेय, डॉ. आशीष गुप्ता, डॉ. विनिता अग्रवाल के नाम से भी फिलहाल 17 सेंटर संचालित होने का पता चला है, लेकिन ये कहां-कहां चल रहे हैं इसकी पड़ताल की जा रही है। अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों के दस्तावेजों की जांच भी हो रही है।
सीएमओ डॉ. सुधीर गर्ग ने डॉक्टरों से संपर्क करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनके नाम से अल्ट्रासाउंड सेंटर का पंजीकरण कैसे हुआ इसका पता चल सके। सीएमओ ने अवैध संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही, ऐसे और डॉक्टरों की पड़ताल करने को भी कहा है, जिनके नाम से दूसरे शहरों मेें सेंटर चल रहे हैं।