दिल्ली के दो आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज
दबाव बनाने पर 14 लाख 44 हजार रुपये लौटाए
बरेली। मेडिकल में दाखिले के नाम पर फाइक एन्क्लेव में रहने वाले रिटायर्ड डॉक्टर सैय्यद इत्तेसाम मेंहदी से पश्चिमी दिल्ली की दिलशान कॉलोनी के अमित कुमार और पूर्वी दिल्ली के कुतुब बिहार निवासी मंदीप शर्मा ने 26 लाख रुपये की ठगी कर ली। कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डॉ. सैय्यद इत्तेसाम मेंहदी का कहना है कि उनकी आयु 75 वर्ष है और सेवानिवृत्त चिकित्सक हैं। उनके बेटे जुनैद मेंहदी नीट पीजी की तैयारी कर रहे थे और 2019 की परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन किया था। इसी बीच दिल्ली में उनकी मुलाकात अमित कुमार और मंदीप शर्मा से हुई। दोनों ने खुद को ग्लोबल विंग्स एकेडमी, वीका जी कांप्लेक्स से जुड़ा बताया और कहा कि उनकी टीम नीट पीजी में निश्चित सफलता दिलाने का काम करती है। इसका खर्च 26 लाख रुपये बताया। कहा कि दस लाख रुपये एडवांस देने होंगे और बाकी बाद में। वह आरोपियों की बातों में आ गए। रुपयों की व्यवस्था करके उन्होंने आरोपियों को बताया तो वे दिसंबर 2018 में उनके घर पहुंचे और चेक के जरिये दस लाख रुपये ले गए। फिर 31 दिसंबर 2018 को अमित ने कहा कि दस लाख रुपये की तत्काल व्यवस्था करनी होगी, अन्यथा एडमिशन नहीं हो सकेगा। उन्होंने फिर से दोनों को दस लाख रुपये दे दिए। इस तरह आरोपियों के पास उनके 20 लाख रुपये पहुंच गए। फिर 23 जनवरी 2021 को अमित ने फोन करके कहा कि रिजल्ट निकलने वाला है, बाकी छह लाख भी पहले ही देने होंगे। उन्होंने वे रुपये भी दे दिए मगर 31 जनवरी 2019 को रिजल्ट आया तो लिस्ट में उनके बेटे का नाम शामिल नहीं था।
पहले बातों में फंसाया फिर कुछ रुपये लौटाए
डॉ. सैय्यद इत्तेसाम मेंहदी का कहना है कि पहली लिस्ट में नाम न आने पर भी उन्हें दूसरी और तीसरी लिस्ट में नाम आने का झांसा दिया गया लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। फिर उन्होंने रुपये वापस करने का दबाव बनाया तो आरोपियों ने 14 लाख 44 हजार 443 रुपये उन्हें किश्तों में लौटा दिए। 30 नवंबर 2019 को दिनांकित दो लाख रुपये का एक चेक दिया, जो बाउंस हो गया।
ठगी के बाद आरोपी ने बदले नाम
ठगी के शिकार हुए डॉ. सैय्यद इत्तेसाम मेंहदी का कहना है कि घटना के बाद आरोपी अमित कुमार ने अपना नाम भी बदल लिया है। अब वह कभी कमल जैन, कभी राजेश जैन तो कभी पंकज जैन नाम बता रहा है। उन्होंने इस मामले में बारादरी पुलिस और फिर एसएसपी से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट की शरण ली तो आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सुभाषनगर के रिटायर्ड शिक्षक से भी हो चुकी ठगी
राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त रिटायर्ड शिक्षक गोवर्धन लाल श्रीवास्तव से ठगों ने पौत्र-पौत्री का एमबीबीएस में एडमिशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये ठग लिए। पिछले दिनों इस मामले में इस मामले में गोवर्धन लाल श्रीवास्तव ने थाना सुभाषनगर में इलाहाबाद के स्वरूपरानी बख्शी हॉस्पिटल के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. एसके शर्मा, नोएडा सेक्टर 62 आई थंब टावर निवासी सचिन, पंकज खटीक, आदेश, वीरेंद्र और दो अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों ने गोवर्धन लाल को उनके पौत्र और पौत्री का एडमिशन मोतीलाल नेहरू कॉलेज इलाहाबाद और बांदा मेडिकल कॉलेज में कराने का झांसा दिया था। इन आरोपियों के खिलाफ नोएडा में भी कई लोगों से ठगी की रिपोर्ट दर्ज है।