प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को होने वाली किसान कल्याण रैली फतेहगंज पश्चिमी के रबर फैक्ट्री मैदान के 240 एकड़ हिस्से में होगी। प्रशासन तीन लाख लोगों का अंदाजा लगा रहा है जबकि भाजपा नेताओं का मानना है कि भीड़ नौ लाख की होगी। डी शेप में तीन मंच बनेंगे। नरेंद्र मोदी और दिल्ली से आए अति विशिष्ट अतिथियों वाला मुख्य मंच 12 गुणा 24 फुट का होगा। वीआईपी के बैठने के लिए दो मंच होंगे। बुधवार को एसपीजी तकनीकी जांच के बाद रैली की व्यवस्थाओं को फाइनल करेगी।
मुख्य मंच से 400 मीटर दूर सृजन कालेज आफ इंजीनियरिंग की तरफ तीन हैलीपैड बनवाए जाएंगे। दर्शकों के लिए 15 हजार-15 हजार की क्षमता वाली 48 गैलरी बनेंगी। कार आदि घुमाने के लिए तीन गैंगवे बनेंगे। वालेंटियर्स के लिए बाहरी तरफ 25 हजार कुर्सियां रहेंगी। सभास्थल के दाएं-बाएं 100-100 टायलेट भी बनाए जाएंगे। पेयजल आपूर्ति के लिए स्थानीय निकायों के पानी से भरे दो सौ टैंकर मंगवाए जाएंगे।
वाहनों की पार्किंग
बरेली से आए वीआईपी वाहन रबर फैक्ट्री कालोनी और थाना परिसर,रामपुर दिशा के रैली के वाहन रहपुरा रोड से पश्चिम की तरफ खड़े होंगे।
एक घंटे सभा स्थल पर रहेंगे मोदी
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री 28 फरवरी को 12 बजकर पांच मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट से वायु सेना के प्लेन से चलेंगे और 12.55 बजे त्रिशूल एयरबेस पर आएंगे। यहां से दोपहर एक बजे फतेहगंज पश्चिमी में हेलीपैड स्थल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1.20 मिनट पर हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से कार से 1.30 बजे सभा स्थल आएंगे। 2.45 बजे सेना के हेलीकाप्टर से त्रिशूल एयरबेस और यहां से 3.10 बजे प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और शाम को चार बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे। प्लेन में भी प्रधानमंत्री के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई है। त्रिशूल एयरबेस पर पीएमओ के कुक की देखरेख में पीएम नरेंद्र मोदी के लिए भोजन बनेगा।
मुख्य सचिव व डीजीपी ने की समीक्षा
बरेली। प्रधानमंत्री की रैली के बारे में मुख्य सचिव आलोक रंजन, डीजीपी जकी अहमद तथा प्रमुख सचिव (गृह) देवाशीष पांड्या ने बरेली के आईजी,कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी को सुरक्षा के लिए सख्त निर्देश दिए। प्रदेश मुख्यालय पर तैयारियों का समीक्षा का जिम्मा एडीजीपी (कानून व्यवस्था) को सौंपा गया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के मध्यम से करीब दो घंटे तक हुई समीक्षा के दौरान यहां तक कहा गया कि सुरक्षा कर्मी के भेष में कोई भी घुसपैंठ न कर पाए। 10 पुलिस वालों के सुपरवीजन के लिए एक अधिकारी होगा और पुलिस कर्मी भी फोटो युक्त ड्यूटी कार्ड के साथ होंगे। सभा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।
इतनी फोर्स रहेगी
ट्रैफिक नियंत्रण के लिए डीआईजी स्तर के अधिकारी। पांच कंपनी पीएसी, दस एसपी, 18 एएसपी, 42 सीओ, दो सीएफओ व दो एफओ के अलावा 65 एसएचओ, 359 दरोगा, 1240 सिपाही, 33 महिला दरोगा, 160 महिला सिपाही, पांच टीआई, 60 टीएसआई, 100 यातायात सिपाही, आठ अग्निशमन वाहन, आठ टीयर गैस दस्ते तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बरेली व आस-पास के जिलों का पुलिस बल व संबंधित जोन का रिजर्व पुलिस व पीएसी बल भी तैनात रहेगा।