एसआरएमएस ट्रस्ट का 23वां दीक्षांत समारोह
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस) में बृहस्पतिवार को श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट महाविद्यालयों का 23वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। इसमें श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी एवं श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च के बीटेक, बीफार्मा, एमबीए, एमसीए पाठ्यक्रमों के सत्र 2022-2023 में उत्तीर्ण छात्र/छात्रों को उपाधियां, प्रशस्ति पत्र एवं पदक वितरित किए गए।
श्रीराम मूर्ति शतिक सभागार में मुख्य अतिथि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय लखनऊ के कुलपति प्रो. (डॉ.) जय प्रकाश पांडेय, विशिष्ठ अतिथि गुरुग्राम स्थित पावर एंड यूटिलिटी अरनस्ट एंड यंग के पार्टनर इंजीनियर मोहम्मद सैफ और नोएडा स्थित फिन एजीजी टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के को-फाउंडर इंजीनियर निपुन कोहली और एसआरएमएस ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी देवमूर्ति ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। संस्थान गीत और कुल गीत के साथ दीक्षांत समारोह का विधिवत आरंभ हुआ।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के टिप्स दिए और मेहनत करने का संदेश दिया। दीक्षांत समारोह में लगभग 372 छात्र/छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न ब्रान्चों/ कोर्सो में विशिष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण मेधावी छात्रों को विभिन्न पदक, प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार भी प्रदान किए गए।