18 जनवरी को बूथ पर रहेंगे बीएलओ, त्रुटिरहित होगी वोटर लिस्ट
बरेली। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में मिले नो मैपिंग वाले 2.33 लाख मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग ने अपनी वेबसाइट पर नोटिस अपलोड कर दिए हैं। यहां से नोटिस डाउनलोड कर उनका प्रिंट निकाल सकते हैं। इन वोटरों का या परिवार का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं मिलने की वजह से उन्हें नो मैपिंग की श्रेणी में रखा गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नोटिस का जवाब देने के लिए संबंधित को कम से कम एक सप्ताह का मौका दिया जाएगा। दस्तावेज कहां, कब तक और किसके पास जमा कराने हैं, यह सब नोटिस पर अंकित किया जाएगा। संबंधित लोगों को निर्वाचन आयोग की ओर से दिए गए 12 विकल्पों जैसे आय, जाति, निवास, जन्म प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, पासपोर्ट आदि में से कोई एक दस्तावेज जमा करना होगा। जिले में 133 एईआरओ तैनात कर उन्हें बूथों का आवंटन कर दिया गया है। एक एईआरओ रोज अधिकतम 150 नोटिस जारी कर सुनवाई करेगा। उन्होंने बताया कि बीएलओ को 18 जनवरी के दिन बूथ पर हर हाल में उपस्थित रहने और क्षेत्र के लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
तीन विशेष तिथियां निर्धारित
बरेली। एसआईआर अभियान के क्रम में 18, 31 जनवरी व एक फरवरी को जनपद स्तर पर विशेष अभियान चलेगा। इन विशेष अभियान तिथियों में दावा-आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि विशेष अभियान तिथियों के दौरान मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), सहायक स्टाफ उपस्थित रहेगा। बीएलओ के पास प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची भी रहेगी। विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। जहां मतदाताओं को फाॅर्म भरने में सहायता दी जाएगी। अभियान में सभासदों, प्रधानों एवं स्वयंसेवकों का भी सहयोग लिया जाएगा। संवाद