बरेली। केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए 40 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। 178 किमी. की इस रेल लाइन के दोहरीकरण पर कुल 2,268 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बरेली होते हुए गुजरने वाली दिल्ली-लखनऊ मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का काफी दबाव रहता है। बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ के बीच रेल लाइन सिंगल है। चंदौसी से एक लाइन मुरादाबाद और एक अलीगढ़ जाती है। बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ रेल लाइन के दोहरीकरण की कवायद 2019 में शुरू हुई थी। सर्वे और सर्वेक्षण समेत अन्य औपचारिकताओं के बाद इस रेल लाइन को सरकार ने स्वीकृति दे दी। 2023-24 के बजट में इस लाइन की अनुमानित लागत 2,286 करोड़ स्वीकृत की गई।
केंद्र सरकार ने 2024-25 के रेल बजट में 178 किमी. की बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ के साथ 45 किमी. की चंदौसी-मुरादाबाद रेल लाइन के लिए भी बजट स्वीकृत किया है। बरेली-चदौसी-अलीगढ़ं रेल लाइन के दोहरीकरण का काम शुरू कराने के लिए 40 लाख रुपये का शुरुआती बजट जारी हुआ है।
मुरादाबाद-बरेली के बीच तीसरी लाइन के लिए होगा सर्वे
- रेलवे बरेली-मुरादाबाद के बीच तीसरी रेल लाइन पर भी काम कर रहा है। इस रेल लाइन के लिए जल्द ही सर्वे होने की उम्मीद है। वहीं, भोजीपुरा-बरेली सिटी के बीच भी 17 किमी की रेल लाइन का दोहरीकरण प्रस्तावित है। इसके लिए सर्वे हो चुका है।
बरेली-चंदौसी-अलीगढ़ रेल लाइन का दोहरीकरण प्रस्तावित है। इसके लिए केंद्र सरकार ने बजट में स्वीकृति भी दे दी है। रेलवे विकास निगम यह काम करता है।- आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम