बरेली। परसाखेड़ा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्टरी में हुए हादसे के तीसरे दिन फटकार के बाद खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम शुक्रवार दोपहर पहुंची। टीम ने हादसे के कारणों की जांच की। पता चला कि वहां पर इंडस्ट्रियल ऑक्सीजन सिलिंडर से विस्फोट हुआ था। मेडिकल ऑक्सीजन संबंधी उपकरण, टैंक आदि जांच में सही मिले। टीम ने पाया की फैक्ट्री में अप्रशिक्षित और गैर तकनीकी कारणों के चलते हादसा हुआ है। टीम ने अपनी रिपोर्ट सहायक आयुक्त औषधि आरपी पांडे को सौंप दी है। टीम के अनुसार इस हादसे की जांच विस्फोटक नियंत्रक विभाग को करनी है। उधर, तीसरे दिन भी विस्फोटक नियंत्रक विभाग एक भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस मामले में आगरा स्थित उप नियंत्रक कार्यालय से संपर्क किया गया, लेकिन संबंधित अधिकारी ने कुछ भी बात करने से इंकार कर दिया। बताया जाता है की ऐसे हादसों के बाद लाइसेंस निरस्त किया जाता है, लेकिन सांठगांठ के चलते ऐसा नहीं हो पाता है। पिछले दिनों फरीदपुर में भी ऐसा ही हादसा हुआ और विस्फोटक नियंत्रक विभाग ने इसे रफादफा कर दिया। एफएसडीए विभाग ने छानबीन जारी रखने की बात कही है। एफएसडीए की टीम में विवेक कुमार सिंह, उर्मिला वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।