त्रिवेणी, आगरा फोर्ट रामनगर एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों में आज से लागू होगी यह व्यवस्था
बरेली। इज्जतनगर मंडल ने आमदनी बढ़ाने के लिए त्रिवेणी एक्सप्रेस, आगरा फोर्ट रामनगर एक्सप्रेस और उत्सर्ग एक्सप्रेस में दिन में कुछ आरक्षित कोच में स्लीपर क्लास का अनारक्षित टिकट जारी करने के आदेश दिए हैं। यह सुविधा दिन में यात्रा के दौरान ही उपलब्ध रहेगी। इस नई सुविधा से गर्मी में यात्रियों को परेशानी कुछ कम होगी। इज्जतनगर मंडल द्वारा अपनी कुछ ट्रेनों में इस तरह के टिकट आज से जारी किए जाएंगे।
त्रिवेणी एक्सप्रेस में टनकपुर से लखनऊ और वापसी में बरेली सिटी से टनकपुर तक स्लीपर का अनारक्षित टिकट यात्री ले सकेंगे। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक यात्री स्लीपर क्लास का अनारक्षित टिकट लेकर केवल एस-4 कोच में ही यात्रा कर सकेंगे। यहां बता दें कि त्रिवेणी एक्सप्रेस टनकपुर से लखनऊ के लिए सुबह 7.45 और बरेली सिटी से दोपहर 12.46 बजे टनकपुर के लिए चलती है। इसके अलावा यह सुविधा आगरा फोर्ट रामनगर एक्सप्रेस में मथुरा कैंट से रामनगर तक सभी स्लीपर कोच में उपलब्ध होगी। यहां बता दें कि यह ट्रेेन मथुरा कैंट से दोपहर 3.07 बजे रामनगर के लिए चलती है।
जानकारी के मुताबिक उत्सर्ग एक्सप्रेस में यह सुविधा फर्रुखाबाद से ऐशबाग तक एस-3 और एस-4 में मिलेगी। यहां बता दें कि उत्सर्ग एक्सप्रेस फर्रुखाबाद से छपरा जंक्शन तक संचालित होती। यह ट्रेन फर्रुखाबाद स्टेशन से दोपहर 1.35 बजे चलकर शाम 6.35 बजे ऐशबाग पहुंचती है। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्री को यूटीएस काउंटर पर ‘स्लीपर का अनारक्षित टिकट’ चाहिए, ऐसा बोलना होगा। इस सुविधा से इज्जतनगर मंडल की आमदनी पर अप्रत्याशित असर पर पड़ेगा, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।
यात्री सीट का नहीं कर सकेंगे दावा
स्लीपर क्लास के इस अनारक्षित टिकट पर यात्री सीट का दावा नहीं कर सकेंगे। आदेश में साफ कहा गया है कि इस टिकट पर यात्री को स्लीपर कोच में घुसने की अनुमति दी गई है, ताकि चेकिंग के दौरान टीटीई कोई आर्थिक दंड न डाल सके। सीट रहने पर ही यात्रियों का इस टिकट से बर्थ मिल पाएगी।
टनकपुर दिल्ली एक्सप्रेस में लागू हो सकती है यह सुविधा
सूत्रों का कहना है कि जल्द ही टनकपुर दिल्ली एक्सप्रेस में भी स्लीपर क्लास का अनारक्षित टिकट लेकर स्लीपर में यात्रा करने की सुविधा मिल सकती है। यह ट्रेन सुबह 9.55 बजे टनकपुर से चलकर रात 9.26 बजे पुरानी दिल्ली स्टेशन पहुंचती है।