बरेली। आईवीआरआई ओवरब्रिज का काम जल्द पूरा हो सके इसके लिए रेलवे के अधिकारियों ने रेडीमेड बीम तैयार कराने की बात कही थी, लेकिन इस बैठक के करीब डेढ़ माह बाद भी रेलवे ने क्रॉसिंग पर न तो पुल का काम ही शुरू कराया है और न ही रेडीमेड बीम का ही कोई अता-पता है। इतना जरूर है कि रेलवे अस्पताल की तरफ अंडर पास का काम चल रहा है। इस पर इन दिनों कोलतार की सड़क बनाने का काम चल रहा है।
सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने इस ओवरब्रिज का काम तो पूरा कर दिया है, लेकिन रेलवे के अधिकारी क्रॉसिंग पर अपने हिस्से में आने वाले पुल का काम पूरा नहीं कर रहे। इससे यह प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है। करीब डेढ़ माह पहले रेलवे के सीपीएम देवेंद्र सिंह ने रेलवे के अधिकारियों के साथ मीटिंग भी की थी। उस वक्त रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी थी कि वे क्रॉसिंग के लिए रेडीमेड बीम तैयार करा रहा है। ताकि यह काम बगैर किसी अवरोध आसानी से पूरा हो सके। इस मीटिंग का काफी वक्त बीत जाने के बावजूद अब तक इस क्रॉसिंग पर न रेडीमेड बीम बनकर ही आए हैं और न ही रेलवे पुल संबंधी दूसरे काम ही शुरू करा पाया है।
अंडर पास के लिए भी काम काफी दिन बंद रहा था। इन दिनों रेलवे की साइड में एक अंडरपास की सड़क बनाने का काम चल रहा है, जबकि दूसरी साइड के अंडर पास का काम अभी भी बंद है। उधर, सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि कई बार रेलवे के अधिकारियों के साथ बातचीत होने के बावजूद क्रॉसिंग पर पुल बनाने का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। डीपीएम वीके सेन ने बताया कि रेलवे के अधिकारी पुल का काम जल्द पूरा कराएं, इसके लिए फिर से रेलवे के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।