सीबीगंज। कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सालय में गुरुवार को अवस्थाएं देख मरीज भड़क गए और हंगामा काटा। स्लीपर रोड स्थित ईएसआई अस्पताल में आम मरीजों के लिए भी दस रुपये में इलाज होता है। आरोप है कि डॉक्टर समय से अस्पताल नहीं पहुंचते और मरीजों को देखने में आनाकानी करते हैं। गुरुवार सुबह मरीज दस बजे अस्पताल पहुंचे और अपना पर्चा बनवा लिया। दोपहर तक डॉक्टरों ने मरीजों को नहीं देखा। इस पर मरीज और उनके तीमारदार बिफर गए। रामपुर से आए मरीज अनुज कुमार तो एंबुलेंस में ही पूरा दिन लेटे रहे। उनकी सुनने वाला वहां कोई नहीं था। इसी तरह नदौसी गांव के जय सिंह, जौहरपुर की पूजा, बिहारीपुर के श्याम दुबे, टियूलिया के नत्थू लाल इलाज के लिए भटकते रहे। मामले में चिकित्सा अधीक्षक चरणजीत सिंह से संपर्क किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।