बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के हॉस्टल में बुधवार को तीन छात्रों पर मधुमक्खी ने हमला कर जख्मी कर दिया। जान बचाने के लिए तीनों पानी के टैंक में कूद गए। एक छात्र को ज्यादा काटने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
विश्वविद्यालय के न्यू ब्याएज हॉस्टल में बुधवार दोपहर धूप न होने के चलते इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन के छात्र निखिल शर्मा, ऋषि कुमार एवं एक अन्य टहलने के लिए छत पर चले गए। बताया जाता है कि कॉमन रूम के बाहर अचानक ही सैकड़ों मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए छात्र पानी की टंकी में कूदे लेकिन उसमें पानी नहीं था तो नीचे की ओर दौड़ लगाई। मगर ऋषि को मधुमक्खियां चिपक गईं और पूरे शरीर में जमकर काटा। निखिल एवं दूसरे छात्र को सिर में काटा। गंभीर हालत के चलते ऋषि को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल परिसर में खड़े पीपल के पेड़ पर मधुमक्खी के तीन छत्ते काफी दिन से लगे हैं। उसे हटवाने के लिए वार्डन को कई बार कहा गया उन्होंने ध्यान नहीं दिया।