वाहन की चपेट में आकर बारहसिंगा की मौत
बांकेगंज। भीरा रोड पर वाहन की चपेट में आकर एक नर बारहसिंगा की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे डीटीआर बफरजोन भीरा रेंजर ने बारहासिंगा के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे रेंज परिसर के बगल में जमीन में गड्ढा खोदकर दफना दिया। एफडी रमेश कुमार पांडे के निर्देश पर वन विभाग ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम के तहत केस काटा है।
घटना बुधवार भोर चार बजे करीब की है। भीरा-पलिया रोड पर रपटा पुल के पास रोड क्रॉस कर रहा एक नर बारहसिंगा तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए बारहसिंगा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रोड से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क पर मृत पड़े बारहसिंगा की सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंचे डीटीआर बफरजोन की भीरा रेंज के रेंजर राकेश बाबू वर्मा ने बारहसिंगा का शव कब्जे में लेकर भीरा पशु चिकित्सालय पहुंचे। जहां पशु चिकित्सक डॉ. ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने शव का पोस्टमार्टम किया। रेंजर ने रेंज परिसर के बगल में बारहसिंगा का शव दफन कर दिया गया। उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बारहसिंगा हिरन की मौत हुई है। बारहसिंगा मौत मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम के तहत केस काटा गया है।