बरेली। बरेली कॉलेज के एक एसोसिएट प्रोफेसर कॉलेज परिसर में ही स्थित बैंक के महिला स्टाफ के लिए मुसीबत बन गए हैं। महिला स्टाफ ने प्राचार्य से शिकायत की है कि रोजाना शाम के वक्त गुरुजी नशे में झूमते हुए बैंक शाखा में पहुंचते हैं और उनसे बेतुकी बातें करते हैं। प्राचार्य ने गुरुजी को नोटिस जारी कर उनका जवाब तलब किया है।
बरेली कॉलेज के जिस एसोसिएट प्रोफेसर पर यह आरोप लगा है, वह अपनी हरकतों से आए दिन चर्चा में रहते हैं। कैंपस में कभी कार तो कभी बाइक से फर्राटा भरते नजर आते हैं। कई बार वह अपनी कार में ही सोते पाए गए। कई बार चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ा। बरेली कॉलेज का शिक्षक बताने पर उन्हें छोड़ा गया। कॉलेज के शिक्षक भी उनसे दूरी बनाते नजर आते हैं। भाजपा नेता होने का दावा करके बाकी शिक्षकों पर रोब भी झाड़ते हैं। बड़े नेताओं तक अपनी पहुंच बताते हैं। बैंक कर्मियों की शिकायत है कि यह गुरुजी अक्सर नशे में टल्ली होकर बैंक बंद होने के वक्त आते हैं। फिर महिला स्टाफ से बेतुकी बातें करते हैं। महिला स्टाफ इतना परेशान हो गया कि उन्होंने बैंक प्रबंधक से शिकायत की। प्रबंधक ने शिकायती पत्र प्राचार्य को भेजा। मामला तूल पकड़ा तो गुरुजी अपना मोबाइल स्विच ऑफ करके बैठ गए।
सैलरी स्टेटमेंट पर फर्जी हस्ताक्षर
कुछ शिक्षकों की माने तो यह गुरुजी कई बैंकों से लोन ले चुके हैं। लोन के लिए सैलरी स्टेटमेंट लगते हैं, जिस पर प्राचार्य के हस्ताक्षर होते हैं। एक बार गुरुजी ने फर्जी हस्ताक्षर बनाए जो बैंक में सत्यापन के पकड़ में आ गए। प्राचार्य से पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्होंने हस्ताक्षर नहीं किए। मामला प्रबंधन तक भी भेजा जाएगा।
बैंक से एक पत्र आया है कि शिक्षक शाम को बैंक में जाकर महिला स्टाफ के साथ सही से बात नहीं करते। सैलरी स्टेटमेंट पर मेरे फर्जी साइन की भी बात सामने आई है। शिक्षक से जवाब तलब करके प्रबंधन को अवगत करा दिया जाएगा।
- डॉ. अजय शर्मा, प्राचार्य