बरेली। हायर एजुकेशन सर्वे का डाटा अपलोड न करने पर मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने कॉलेजों की संबद्धता समाप्त करने और नेशनल स्कालरशिप के पोर्टल से नाम हटाने की चेतावनी दी थी जिसका असर भी दिखा। मंगलवार को आखिरी तिथि तक ज्यादातर कॉलेजों ने डाटा अपलोड किया। सर्वे के कोआर्डिनेटर डॉ. अतुल शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात बाहर बजे तक का समय है। बुधवार को जिन कॉलेजों का डाटा अपलोड नहीं हुआ होगा उसकी सूची मानव संसाधन विकास मंत्रालय भेज दी जाएगी।
दरअसल, हायर एजुकेशन सर्वे में कॉलेजों को आधारभूूत सुविधाओं समेत सारी जानकारी अपलोड करनी थी। दो बार इसकी तिथि बढ़ाई जा चुकी है। चूंकि इसपर गलत जानकारी नहीं भर सकते और सही जानकारी भरने में कॉलेज का गला फंस रहा था तो तमाम कॉलेजों ने डाटा अपलोड ही नहीं किया। पिछले सप्ताह तक सौ से ज्यादा कॉलेज इस सूची में शामिल थे। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने सख्ती दिखाई और विश्वविद्यालय को पत्र जारी किया कि डाटा अपलोड न करने वाले कॉलेजों की संबद्धता समाप्त की जाएगी। साथ ही नेशनल स्कालरशिप पोर्टल से उनका नाम हटा दिया जाए। इसका असर भी दिखा। एक सप्ताह के भीतर ही बचे हुए ज्यादातर कॉलेजों ने डाटा अपलोड किया। कोऑर्डिनेटर डॉ. अतुल शर्मा ने बताया कि बुधवार को सर्वे की सूची पूरी हो जाएगी। जो रह जाएंगे उनकी सूची मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेज दी जाएगी।