बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली खत्म होने के बाद रैली स्थल से हजारों वाहन जब एक साथ सड़क पर आए तो जाम लग गया। धीरे-धीरे बरेली तक वाहनों की रफ्तार थम गई। रैली से पहले जहां हर 20 मीटर की दूरी पर पुलिस और आरएएफ के जवान खड़े दिख रहे थे, रैली के बाद जैसे सभी छूमंतर हो गए। देर रात तक बदायूं रोड को जाम से मुक्ति नहीं मिल पाई।
आलमपुर जाफराबाद के सैनिक ग्राउंड पर शाम सात बजे रैली खत्म होते ही लोग सड़क की ओर दौड़ पड़े। पुलिस भी रैली खत्म होते ही सड़कों से नदारद हो गई। अगर कोई पुलिस वाला नजर भी आया तो उसे भी जाम खुलवाने के बजाय शहर लौटने के लिए गाड़ी की तलाश थी। देखते-देखते बरेली-बदायूं हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लालफाटक रोड पर भी जाम लगा और चौपुला रोड पर भी। आलमपुर जाफराबाद से बरेली तक का सफर तय करने के लिए लोगों को दो घंटे तक का समय लगा।