बरेली। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से चल रही दो दिवसीय मंडलीय गोष्ठी के अंतिम दिन किसानों को पॉलीहाउस का भ्रमण कराया गया। उप निदेशक (उद्यान) मनोहर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बस में सवार किसानों को फरीदपुर रवाना किया। फरीदपुर पहुंचकर किसानों ने स्प्रिंकलर और ड्रिप पद्धति से फसलों की सिंचाई के तरीके देखे।
किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर से हुई टमाटर, मटर, ब्रोकली आदि की फसल दिखाकर बताया गया कि इस पद्धति से न केवल पानी की बचत हुई है बल्कि सब्जियों का उत्पादन भी बढ़ा है। लागत में भी कमी आई है। योजना प्रभारी प्रवेश वर्मा और उप निरीक्षक आनंद स्वरूप ने किसानों को गांव सिसइया ले जाकर उनको मनोज कुमार अग्रवाल का इरीगेशन सिस्टम दिखाया। इसके बाद किसानों ने फरीदपुर के गांव नगरिया में पुत्तू अहमद के पोर्टेबल स्प्रिंकलर सिस्टम का लाइव डिमॉन्सट्रेशन देखा। गेहूं में इस तरह से कम पानी की सिंचाई देखकर किसानों ने खुशी जाहिर की। राजकीय पौधशाला मझौआ और हेतराम में फल, सब्जी और पौधों के रखरखाव की जानकारी किसानों को दी गई। किसानों ने मेगीनगला में योगेश गोयल का पॉलीहाउस भी देखा। इसमें गुलाब की खेती हो रही है। किसानों ने समझा कि बेमौसम फसलें किस तरह उत्पादित कर सकते हैं। भ्रमण में उद्यान विभाग के अफसर और स्टाफ भी शामिल रहा।