बरेली। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के तहत कैंट क्षेत्र में चल रहे स्वच्छता जागरूकता अभियान कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। आखिरी दिन मदारी की पुलिया पर आयोजन हुआ, जिसके तहत लोगों को जादू, हस्ताक्षर और स्वच्छता के नारे लगाकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
कैंट कार्यालय के स्वच्छता अभियान प्रभारी मुख्य सफाई निरीक्षण दीप सक्सेना ने बताया कि आखिरी दिन जादूगर जगदीश ने मौजूद लोगों को जादू के कई करतब दिखाए। उन्होंने रुमाल पर स्वच्छता के स्लोगन लिखकर और जादू के जरिए गंदगी से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया। साथ ही स्वच्छता संकल्प बोर्ड पर लोगों ने बढ़चढ़कर हस्ताक्षर किए और स्वच्छता की शपथ ली। कहा कि 31 जनवरी तक क्रमवार अभियान जारी रहेगा। जादू व अन्य कार्यक्रमों का शनिवार को विश्राम हुआ। फिर नई योजना के तहत लोगों को जागरूक किया जाएगा। बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत रात में क्षेत्र की सड़कों पर साफ-सफाई कराई जा रही है।