बरेली। प्रत्येक नागरिक को अपना हक पाना है, देश के लिए अच्छी सरकार बनाना है। अमर उजाला के अपराजिता अभियान के तहत गुरुवार को श्री गुरु नानक रिखी सिंह कन्या इंटर कॉलेज में ‘ लोकतंत्र के लिए हर वोट जरूरी’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें निबंध के द्वारा छात्राओं ने संदेश दिया कि उसी नेता को वोट दें जो देश, समाज, जनता की समस्याओं को अपना समझकर कार्य करता हो। योग्य और ईमानदार व्यक्ति को ही वोट दें।
निबंध प्रतियोगिता में सौ से ज्यादा छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रथम स्थान हासिल करने वाली कक्षा बारह की आयुषी राठौर का कहना है कि लोकतंत्र में हर वोट का महत्व होता है और वोट देना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। ऐसे नेताओं को वोट न देने की अपील की जो पांच साल में सिर्फ वोट मांगने के समय ही अपनी सूरत दिखाने आते हैं। भले ही नोटा का बटन दबाएं, लेकिन वोट जरूर डालें। दूसरा स्थान हासिल करने वाली विशाखा ने कहा कि देश की सरकार कैसी हो.. हर नागरिक को चुनने का अधिकार है। अगर खराब छवि का नेता जीतता है तो उसे दोष देने के बजाए अपनी जिम्मेदारी की तरफ जरूर देखें। धर्म जाति से ऊपर उठकर देश के लिए वोट करें। तीसरा स्थान हासिल करने वाली राशि गोस्वामी ने लिखा कि वोट करना सभी का अधिकार है, देश के लिए अच्छी सरकार बनाना है। जर्रा-जर्रा पहाड़ और बूंद-बूंद सागर बनता है, इसी तरह एक-एक वोट मिलकर सरकार बनाता है, तो हर वोट का अपना महत्व है। मतदान के दिन घर में सोने के बजाए देश के लिए अच्छी सरकार चुनने को वोट करें। विजेताओं को प्रधानाचार्य रचना अरोरा ने अमर उजाला के अपराजिता अभियान के सर्टिफिकेट प्रदान किए। प्रतियोगिता कराने में मीरा गंगवार, रागनी शर्मा, नीतू लांबा, सरिता आदि का सहयोग रहा।
प्रतियोगिता की विजेता
प्रथम : आयुषी राठौर, कक्षा बारह
द्वितीय : विशाखा दिवाकर, कक्षा बारह
तृतीय : राशि गोस्वामी, कक्षा बारह
सांत्वना पुरस्कार : दिव्या शर्मा और पूजा