अब सौनाकलां में चिकन पाक्स से एक बीमार
निघासन। अदलाबाद में चार लोगों के चिकन पाक्स होने के बाद अब सौनाकलां में चिकन पाक्स से एक व्यक्ति बीमार हो गया है। हालांकि अदलाबाद में तीन लोगों की हालत में सुधार बताया जाता है।
बता दें कि गांव अदलाबाद में चिकन पाक्स के चलते 30 वर्षीय सुभाष चंद्र की मौत शुक्रवार की शाम को हो गई थी। इसके अलावा सुभाष के भाई हुकुमचंद और उनके बेटे आदित्य और पड़ोसी अमित, पूर्णानंद चिकन पाक्स के चलते बीमार थे। सीएचसी की टीम गांव अदलाबाद पहुंची और वहां पर दवा का वितरण किया। हुकुमचंद ने बताया कि अन्य लोगों की हालत में सुधार है, लेकिन उसकी हालत में अभी सुधार नहीं हुआ है। अदलाबाद गांव से सटे गांव सौनाकलां निवासी 25 वर्षीय राममूर्ति को चिकन पाक्स हो गया है। वह चिकन पाक्स के चलते प्राइवेट डॉक्टर के यहां अपना इलाज करवा रहा है। उधर सीएचसी प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि तीन दिन की दवा दे दी गई है। सौनाकलां में भी टीम भेजकर इलाज कराया जाएगा।