बरेली। बीडीए ने जो अवैध निर्माण पिछले साल सील किए थे, उनमें से 70 अवैध भवनों की कंपाउंडिंग के नक्शे इन भवन मालिकों ने दाखिल कर दिए हैं। इनमें कई वह कालोनियां भी शामिल हैं, जो अनाधिकृत होने की वजह से सील की गई थीं।
बीडीए ने बीते साल सवा सौ से ज्यादा अवैध निर्माण सील किए थे। इनमें 80 से ज्यादा अनाधिकृत निर्माण ध्वस्त भी किए गए। जो अवैध निर्माण सील किए गए थे, उनमें से 70 भवन मालिकों ने अपने मकानों के कंपाउंडिंग नक्शे भी दाखिल कर दिए हैं। इनमें एक दर्जन वह कालोनियां भी हैं, जिनका प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण शुरू कराया गया। कालोनी मालिकों ने अपनी कालोनियों के ले आउट और आवासीय भवन मालिकों ने अपने कंपाउंडिंग ले आउट जुर्माना समेत स्वीकृत करने के लिए दाखिल किए हैं। अनुमान है कि अवैध मकानों या कालोनियों के वैध होने पर बीडीए को पांच करोड़ से ज्यादा का राजस्व मिलने का अनुमान है। बीडीए अन्य अनाधिकृत भवन निर्माणकर्ताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रहा है, ताकि इनसे अधिक से अधिक राजस्व वसूलकर प्राधिकरण की आमदनी बढ़ाई जा सके।
‘आवासीय या कामर्शियल उपयोग वाले वह भवन ही जुर्माना लगाकर कंपाउंड किए जाएंगे, जो प्राधिकरण के मानकों पर खरे उतरेंगे। जिनको कंपाउंड करना संभव नहीं है, वह भवन कंपाउंड नहीं होंगे।’ डा. सुरेंद्र कुमार, बीडीए उपाध्यक्ष