अगर आपकी चित्रकारी में हुनर है और चित्र के माध्यम से मैसेज देना जानते हैं तो आपका हुनर अब डाक टिकट पर दिखाई देखा। अबकी बार डाक विभाग ने प्रतिभाओं को निखारने के लिए आगामी 15 दिसंबर तक ‘अहिंसा परमो धर्म:’ विषय पर डिजाइन मांगी है।
गणतंत्र दिवस पर प्रदर्शित होने वाले नए डाक टिकट की ‘डिजाइन प्रतियोगिता’ 15 दिसंबर तक होगी। जिसमें डाक टिकट पर डिजाइन का विषय ‘अहिंसा परमो धर्म:’ रखा गया है। डिजाइनिंग के क्षेत्र में जानकारी रखने वालों के लिए प्रतियोगिता दो श्रेणियों में विभक्त है। प्रथम श्रेणी में 18 वर्ष तक और दूसरी में 18 वर्ष से ऊपर के लोग शामिल होंगे। इसके लिए ‘अहिंसा परमो धर्म:’ विषय पर ए-4 साइज के ड्राइंग पेपर, आर्ट पेपर या किसी अन्य कागज पर डिजाइनिंग कर स्पीड पोस्ट से 15 दिसम्बर तक सहायक निदेशक (फिलैटली) कमरा संख्या 108, डाक भवन, संसद मार्ग, नई दिल्ली के पते पर भेजना होगा। डिजाइन ऐसी हो जिसे टिकट संग्रह के रूप में उपयोग किया जा सके।
कंप्यूटर वर्क नहीं होगा मान्य
डिजाइनिंग की कंप्यूटर कॉपी स्वीकार नहीं होगी। डिजाइन के लिए वाटर, ऑयल या किसी अन्य रंग का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। डिजाइन किए गए डाक टिकट के पिछले भाग में पूरा नाम, पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर के साथ एक अंडरटेकिंग भी जमा करना होगा। ताकि स्पष्ट हो सके कि इस आर्ट वर्क पर किसी भी प्रकार के कॉपीराइट का मामला नहीं है।
विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
एएसपीओ निर्मल यादव ने बताया कि दोनों श्रेणियों में चुने गए ड्राइंग एवं पेंटिंग्स के प्रतिभागी पुरस्कृत होंगे। प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय दस हजार रुपये है। अन्य पांच प्रतिभागियों को दो-दो हजार रुपये सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।