प्रदेश के मुख्य सचिव राजीव कुमार ने 21 जून को योग दिवस जिले के अलावा तहसील मुख्यालयों पर भी मनाने के निर्देश दिए हैं। कहा, इस दिन योग शिविरों का आयोजन कराएं। बुधवार को एनआईसी में हुई वीडियो कांफ्रेंस में मुख्य सचिव ने वृक्षारोपण, आपदा प्रबंधन, खाद्य एवं रसद, योग दिवस, आईजीआरएस, ओडीएफ के कामों की समीक्षा की। कहा, एक साल में बहुत अच्छे काम हुए हैं। बरसात में अधिक से अधिक पौधरोपण कराया जाए। अगस्त से ई-ऑफिस शुरू हो जाएगा। इसके लिए अफसरों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करा लें। खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा में मुख्य सचिव ने कहा कि गेहूं की खरीद अभी पूरी नही हुई है। जब तक लक्ष्य पूरा न हो और किसान के पास गेहूं रहे, तब तक खरीद केंद्र चालू रखे जाएं। 21 जून को योग दिवस पर जनपद और तहसील मुख्यालयों पर सुबह सात से आठ बजे तक योग शिविर लगाए जाएं। इस मौके पर कमिश्नर डॉ. पीवी जगनमोहन, डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ सत्येंद्र कुमार आदि मौजूद थे।