मीरगंज में ग्राम न्यायालय का फोटो
मीरगंज। तहसील भवन की दूसरी मंजिल पर खुले ग्राम न्यायालय में कामकाज शुरू हो गया है। बुधवार को यहां बरेली से दो हजार पत्रवलियां लाइ गईं। इससे ग्रामीणों को अब बरेली शहर के चक्कर नही लगाने पड़ेंगे। लोगों का समय और खर्चे में भी काफी बचत होगी।
कुछ दिन पूर्व उच्च न्यायालय प्रयागराज के चीफ जस्टिस ने ग्राम न्यायालय का आनलाइन उद्घाटन किया था। अधिवक्ताओं एवं संभ्रांत लोगों ने न्याय अधिकारी विनेश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया था। ग्राम न्यायालय में न्यायाधीश विनेश कुमार के अलावा पेशकार जितेंद्र कुमार मिश्रा,स्टैनो पंकज कुमार, लिपिक कुलदीप सिंह की तैनाती की गई है।
भाजपा नेता ओमपाल गंगवार, अमरनाथ गुप्ता, रामेंद्र सिंह चौहान, संतोष शर्मा, डाॅ. वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि मीरगंज में ग्राम न्यायालय का काफी समय से प्रयास किया जा रहा था, जो अब आकर पूरा हुआ। ग्राम न्यायालय में थाना मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, शाही थाना क्षेत्रों के फौजदारी, सिविल के मुकदमों की सुनवाई नियमित की जाएगी। अब तक बरेली न्यायालय से दो हजार फाइलें ग्राम न्यायालय मीरगंज पहुंच चुकी है। संवाद
प्रतिदिन आते हैं 100 से अधिक मामले
जानकारी के अनुसार तीन थानों के चलते प्रतिदिन 100 से अधिक मामले आते थे। इसके लिए लोगों को शहर के चक्कर काटना पड़ता था, जिससे रुपये के साथ समय का भी नुकसान होता था। इससे परेशान लोग लगातार मांग कर रहे थे। कई वर्षों की मांग के बाद अब लोगों ने राहत की सांस ली है। इस पर लोगों ने प्रशासन के प्रयास की सराहना की है।