हाफिजगंज। साइबर ठगों ने अपने आपको एसएचओ बताकर एक किसान को उसके पुत्र को जेल ले जाने का भय दिखाकर उससे 20 हजार रुपये ठग लिए। ठग ने किसान से कहा कि दिल्ली में उसका बेटा लड़की के साथ पकड़ा गया है। इस समय वह थाने में है, जिससे प्रभावित होकर किसान ने बताए गए नंबर पर रुपये डाल दिए। किसान ने अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव उदरनपुर निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को उसके पास व्हाट्सएप पर एक वीडियो कॉल आई। उस पर पुलिस वाले का फोटो आया और उसने कहा कि तुम्हारा बेटा दिल्ली में बीटेक करता है। तुम्हारा बेटा अपने साथियों के साथ एक लड़की के साथ पकड़ा गया है। इस समय थाने में है। ठगों ने बेटे के रोने की आवाज को भी सुनाया और पिता को भय दिखाकर 60 हजार रुपये की मांग करने लगे। किसान ठगों की बातों में आकर 20 हजार रुपये ठग के खाते में डाल दिए। बाद में ठगों ने और भी रुपयों की मांग। काॅल को काटकर जब किसान ने अपने बेटे से बात की तो बेटा ठीकठाक था। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ, तब उसने थाना हाफिजगंज में अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी है।
एक अन्य मामले में फोन किया हैक
सोमवार शाम भी रिजवान नाम के व्यक्ति का मोबाइल फोन ठगों ने हैक कर उसके रिश्तेदारों से रुपये मांगे, लेकिन वह अपनी सूझबूझ और जागरूकता की वजह से ठगी का शिकार होने से बच गया। संवाद