बरेली। प्रदेश भर के तैराक बरेली में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। 18 से 20 मई के बीच बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय बालक-बालिका वर्ग की तैराकी प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रदेश के सभी 18 मंडल की टीमें हिस्सा लेंगी। स्पोर्ट्स स्टेडियम ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को उप निदेशक खेल राज नारायण सिंह बड़े स्वीमिंग पूल का उद्घाटन करेंगे।
डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में काफी समय से बड़ा स्वीमिंग पूल खराब पड़ा है। मार्च में छोटा स्वीमिंग पूल शुरू करा दिया गया था। प्रतियोगिता बड़े स्वीमिंग पूल में ही कराई जा सकती है, इसलिए उसकी मरम्मत शुरू कराई गई। फिल्ट्रेशन प्लांट खराब था, उसे भी सही कराया गया। आरएसओ विजय कुमार ने बताया कि मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। गुरुवार को उप निदेशक खेल राज नारायण सिंह इसका उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 18 से 20 मई के बीच प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता कराई जाएगी। बरेली मंडल की टीम का चयन भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने तैराकों से कहा कि वह नियमित प्रैक्टिस करें.. ताकि प्रतियोगिता में बरेली को ट्रॉफी दिला सकें।