बरेली। फरीदपुर की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोकस तीन तलाक पीड़ित मुस्लिम महिलाओं पर रहा। उन्होंने कहा कि तीन तलाक मुस्लिम मां-बहनों पर अत्याचार ही नहीं, उनके प्रति पाप भी है। केंद्र सरकार ने उन्हें इस अभिशाप से मुक्ति दिलाने के लिए अथक प्रयास किया। सपा-बसपा या कांग्रेस यह काम नहीं कर सकतीं क्योंकि उन्हें डर है कि मौलाना कहीं उनके खिलाफ फतवा न जारी कर दें। भाजपा ही है जो मौलानाओं के फतवों से नहीं डरती। सीएम ने राहुल गांधी पर यह कहकर तंज कसा कि अगर कभी उनकी सरकार बनी तो वह कश्मीर के पत्थरबाजों के लिए भत्ते की शुरुआत कर सकते हैं।
फरीदपुर के सीएस कॉलेज मैदान में आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को आज अपने युग धर्म को पहचानना चाहिए। उनके पास तीन तलाक से आजादी पाने का सबसे अच्छा मौका है।। केंद्र की मोदी सरकार के प्रयासों से उन मुस्लिम महिलाओं को नई आजादी मिली है जिन्हें तीन तलाक के डर से हमेशा पुरुषों के अत्याचार सहने पड़ते थे। योगी ने कहा कि वोट का नुकसान होने के डर से कांग्रेस, सपा-बसपा या किसी और सरकार ने कभी महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाने की कोशिश नहीं की। ये दल मौलानाओं के फतवे से डरते हैं। इससे पहले चुनावी सभा को सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक प्रो. श्यामबिहारी लाल, पप्पू भरतौल, राजीव कुमार सिंह, प्रदेश भाजपा महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, बृज क्षेत्र महामंत्री दुर्विजय सिंह शाक्य आदि ने भी संबोधित किया। संचालन रामगोपाल मिश्रा ने किया।